Saturday, November 7, 2009

संतोषी की संतोषजनक फिल्म

रेटिंग-***
-----------------

निर्देशक: राजकुमार संतोषी
कलाकार: रणबीर कपूर, कैटरीना कैफ, दर्शन जरीवाला और उपेन पटेल
-----------------

वही एक सिली सा लड़का, जो लड़की से प्यार का इजहार नहीं कर पाता। वही एक लड़की, जो किसी और से प्यार करती है, लेकिन सिली सा लड़का उसका अच्छा दोस्त है। लव ट्राएंगल की वही पुरानी कहानी, लेकिन राजकुमार संतोषी के नए ट्रीटमेंट के साथ प्रस्तुत है। संतोषी की 'अंदाज अपना अपना' के बाद यह दूसरी कॉमेडी फिल्म है, जो यूथ्स को पसंद आएगी। अगर आपने पिछली कॉमेडी फिल्में एंजॉय की हैं, इस शर्त पर कि हमें सिर्फ हंसना है, तो 'अजब प्रेम की गजब कहानी' को भी एंजॉय करेंगे।
प्रेम (रणबीर कपूर) बेकार लड़का है, जो एक क्लब चलाता है। क्लब का उसूल है, दुख से दूर रहना और लोगों की मदद करना। प्रेम के पिता शंकर (दर्शन जरीवाला) उससे खुश नहीं हैं। एक शहर में नई लड़की जैनी (कैटरीना कैफ) आती है, जिससे प्रेम को प्यार हो जाता है। जैनी क्रिश्चियन है और प्रेम उसके लिए खुद को बदल लेता है, लेकिन बाद में उसे पता चलता है कि जैनी राहुल (उपेन पटेल) से प्यार करती है।
राजकुमार संतोषी ने कॉमेडी ही नहीं, इमोशंस को भी बहुत खूबसूरती से उभारा है। प्रेम का जैनी को प्रपोज करना और जैनी की स्वीकृति के साथ ही बैकग्राउंड में गीत 'तेरा होने लगा हूं...' का म्यूजिक शुरू होना, सीन को बहुत मजबूत बनाता है। इसके अलावा सलमान खान का गेस्ट अपीरिंयस बहुत मजेदार है। प्रेम का अपने पिता के साथ दोस्ताना रिश्ता और नोंकझोंक काफी दिलचस्प है। फिल्म में कई सीन ऐसे हैं, जो सीट से उछलकर हंसने को मजबूर कर देते हैं। हालांकि सेट बहुत बनावटी लगता है, लेकिन गीतों में जो लोकेशन इस्तेमाल की है, उसके लिए थिरू की सिनेमैटोग्राफी तारीफ के काबिल है।
रणबीर कपूर ने सीरियस रोल से करियर की शुरुआत की और इस बीच कई फिल्में कीं। अब उन्होंने कॉमेडी में भी अपनी जगह सिक्योर कर ली है। कैटरीना कैफ ने भी अच्छा काम किया है। लेकिन उपेन पटेल ऐक्टिंग के मामले में पीछे रह गए। दर्शन जरीवाला, गोविंद नामदेव, स्मिता जयकर आदि कलाकारों को अभिनय का भरपूर मौका दिया गया।
प्रीतम का म्यूजिक अच्छा है, लेकिन उनकी धुनों को उसी खूबसूरत अंदाज में आतिफ असलम ने गाया भी है। फिल्म का भोजपुरी स्टाइल में लिखा गया गीत भी शानदार है।

No comments:

Post a Comment